यूपी: प्रयागराज से ज्यादा काशी में 20 लाख लोग होंगे एयर शो के साक्षी, 20 अक्तूबर से अभ्यास; मुख्य अतिथि पीएम
वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो में करीब 20 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन को लेकर एयरफोर्स, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त बैठक की। अगले सात दिनों तक रक्षा मंत्रालय, एयरफोर्स और प्रशासन के अधिकारी संयुक्त निरीक्षण करेंगे। 20 अक्तूबर से अभ्यास शुरू होगा। तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि होंगे।
विस्तार
काशी में होने वाले एयर शो में प्रयागराज से ज्यादा भीड़ जुटेगी। करीब 20 लाख लोग इसके साक्षी होंगे। प्रयागराज से ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए गंगा के उस पार रेती को मुख्य दर्शक क्षेत्र के तौर पर विकसित करने पर मंथन किया जा रहा है। तीन दिवसीय एयर शो में जुटने वाली भीड़ के प्रबंधन को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस में एयर फोर्स और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने चौथी संयुक्त बैठक की।
बैठक में भीड़ प्रबंधन पर चर्चा करने के साथ ही यह तय हुआ कि अगले सात दिनों में रक्षा मंत्रालय, एयरफोर्स और जिला प्रशासन के अधिकारी कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण करेंगे और तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। घाटों की जर्जर स्थिति और बाढ़ के बाद सफाई की चुनौती को देखते हुए लोगों को गंगा पार रेती पर बैठाने की योजना है। अधिकारियों ने तय किया कि अगले सात दिनों तक संयुक्त टीम कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेगी।
काशी में 22 से लेकर 25 अक्तूबर तक होने वाले एयर शो में अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो सकते हैं। बैठक में हुई चर्चा के अनुसार तीन दिवसीय शो का आयोजन रोज दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे के करीब होगा।
शो में बड़ी संख्या में लोगों के हिस्सा बनने के साथ ही देशभर के प्रमुख नामचीन हस्तियां इसका हिस्सा होंगी। ऐसे में सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती होगी। बैठक में शो को लेकर शहर में पार्किंग, आवागमन, आपात स्थिति आदि की व्यवस्था आदि के प्रबंध को लेकर भी ब्लू प्रिंट तैयार किया गया। हालांकि, व्यवस्थाएं कहां और कैसे होंगी यह अगले सात दिनों में होने वाले संयुक्त निरीक्षण में तय किया जाएगा।
निरीक्षण में रक्षा मंत्रालय, एयर फोर्स, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी शामिल रहेंगे। निरीक्षण स्थलीय और हवाई दोनों तरीके से किया जाएगा। बैठक में मंडलायुक्त एस राजलिंगम के साथ, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।