वाराणसी में लगातार दूसरे दिन भी सरेराह छिनैती, व्यापारी से 2.60 लाख रुपये छीने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में लगातार दूसरे दिन बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह रुपये छीन कर कानून व्यवस्था को तगड़ी चुनौती दी। मंडुवाडीह क्षेत्र की तीन लाख की छिनैती की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस जूझ ही रही थी कि तब तक मंगलवार की दोपहर दो लाख 60 हजार रुपये की छिनैती हो गई।
वाराणसी के रोहनिया थाना के भुल्लनपुर क्षेत्र में पुराना जीटी रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने कबाड़ व्यापारी संतोष कुमार गुप्ता से दो लाख 60 हजार रुपया छीन लिया। सूचना पाकर रोहनिया और मंडुवाडीह थाने की पुलिस क्षेत्र के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी।
मिर्जामुराद थाना के मेहदीगंज निवासी कबाड़ व्यापारी संतोष ने बताया कि वो 9 लाख 60 हजार रुपये घर से लेकर बाइक से बेटे मुन्ना के साथ निकले थे। सात लाख रोहनिया में बैंक में उन्होंने जमा किया। दो लाख 60 हजार रुपये मोढ़ैला में रहने वाले सीए को उन्हें देना था।
रोहनिया से आगे बढ़ने पर भुल्लनपुर चौराहे पर पीछे से आए दो बदमाशों ने रुपये से भरा बैग उनसे छीन लिया और तेजी से भाग निकले। सूचना पाकर एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र, एसपी ग्रामीण एमपी सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो लिए।
इसके पहले सोमवार को वाराणसी कंदवा क्षेत्र की मणि नगर कॉलोनी के समीप बाइक सवार दो बदमाश जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक अशोक कुमार पासवान की पत्नी पूनम के हाथ से तीन लाख रुपये से भरा बैग छीन कर भाग निकले।
अशोक भिखारीपुर स्थित इलाहाबाद बैंक से पैसा निकाल कर बाइक से पत्नी के साथ घर जा रहे थे। वारदात की सूचना पाकर पुलिस पहुंची लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। आशंका जताई गई है कि बदमाशों ने बैंक से ही दंपति का पीछा किया और सड़क खाली देख कर वारदात को अंजाम दिया।