Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   UP Election 2027: SP-Congress Alliance Final, Seat Sharing Deadlock Over 60 Strong Seats

गठबंधन पर मुहर, सीट पर पेच: 181 से घटकर 130 पर आई, 60 मजबूत सीटों पर अड़ी; सपा और कांग्रेस के अपने-अपने तर्क

Tue, 24 Nov 2026 09:04 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: Sharukh Khan Updated Tue, 24 Nov 2026 09:04 AM IST
विज्ञापन
सार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर मुहर लग गई है, लेकिन सीट बंटवारे पर पेच बरकरार है। कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग को घटाकर 130 तक कर दिया है। कांग्रेस 60 मजबूत सीटों पर अड़ी है, सपा का जोर जीतने की क्षमता पर है। 
loader
UP Election 2027: SP-Congress Alliance Final, Seat Sharing Deadlock Over 60 Strong Seats
UP Election 2027 - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा को चुनौती देने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन पर तो मुहर लग गई, लेकिन सीटों के बंटवारे का गणित अभी सुलझा नहीं है। 


दिल्ली में दोनों दलों के बीच सोमवार को हुई पहली औपचारिक बैठक 15 मिनट में ही खत्म हो गई। कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग को 130 तक समेटा लेकिन 60 मजबूत सीटों को लेकर दावेदारी पर अड़ी रही। वहीं सपा का जोर जीतने की क्षमता पर रहा।


दोनों पक्षों ने पहली बैठक को सकारात्मक बताया और अगले दो से चार दिनों में समझौता होने की उम्मीद जताई। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में सपा की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हुए। 

कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने बातचीत की। कांग्रेस ने शुरुआत में 403 सीटों वाली विधानसभा में 181 सीटों की सूची तैयार की थी। 

 

सोमवार की बैठक में उसने संशोधित सूची सौंपी। पार्टी सूत्रों की ओर से इसमें 130 सीटें होने की बात सामने आई है। पार्टी इनमें करीब 60 सीटों को अपनी मजबूत सीट मान रही है। अमेठी और रायबरेली की सभी विधानसभा सीटें भी उसकी मांग में शामिल हैं।
 

अखिलेश से विचार के बाद होगा फैसला

सपा नेताओं ने सूची पर विचार कर अखिलेश यादव से चर्चा के बाद जवाब देने की बात कही। सपा की ओर से पहले करीब 55 सीटों की सूची भी तैयार की गई थी, हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से सार्वजनिक पुष्टि नहीं हुई है। 

 

बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी। दो-तीन दिन में गठबंधन तय होने की उम्मीद है। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दोनों दलों में भरोसा है और समझौता लगभग तय है। आराधना मिश्रा ने भी कहा कि मंगलवार को फिर बैठक होगी और दो से चार दिन में सब कुछ तय हो जाएगा।
 

2024 बनाम 2022, दोनों के अपने-अपने तर्क

कांग्रेस अपनी बड़ी दावेदारी का आधार 2024 के लोकसभा चुनाव को बना रही है। तब सपा के साथ गठबंधन में उसने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और छह पर जीत हासिल की। उसका वोट प्रतिशत 9.46 रहा। कांग्रेस का तर्क है कि वह गठबंधन में दलित, ब्राह्मण और अति पिछड़े वर्गों के मतदाताओं को जोड़ सकती है। पार्टी हर जिले में अपनी राजनीतिक मौजूदगी और प्रतिनिधित्व चाहती है।
 

दूसरी ओर, सपा विधानसभा चुनाव के पुराने प्रदर्शन को आधार बना रही है। 2022 में कांग्रेस ने अकेले 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत सिर्फ दो पर मिली। उसका वोट प्रतिशत 2.33 रहा और 387 सीटों पर जमानत जब्त हुई।

2017 में सपा के साथ गठबंधन के बावजूद कांग्रेस 114 सीटों पर लड़कर केवल सात सीटें जीत पाई थी। सपा का तर्क है कि 2024 की सफलता गठबंधन की साझा उपलब्धि थी, इसे कांग्रेस की अकेले की ताकत नहीं माना जा सकता।
 

अमेठी-रायबरेली पर भी खींचतान की गुंजाइश

कांग्रेस की मांग में अमेठी और रायबरेली की सभी दस विधानसभा सीटें शामिल हैं। लेकिन 2022 में इन दोनों जिलों की दस सीटों में से छह सपा और चार भाजपा ने जीती थीं। कांग्रेस यहां एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। हालांकि, 2024 के राज्यसभा चुनाव में कुछ सपा विधायकों की क्रॉस वोटिंग और बदले राजनीतिक समीकरणों के चलते कांग्रेस इन क्षेत्रों में अपनी दावेदारी की गुंजाइश देख रही है। 

 

दोनों दलों के बीच सीटों के साथ-साथ राजनीतिक प्रभाव और संगठन की ताकत का सवाल भी जुड़ा है। 403 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के फिलहाल दो विधायक हैं, जबकि सपा के पास 111 सीटें हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा तीसरी लगातार पारी की तैयारी में है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन के लिए सीटों का तालमेल और चुनावी रणनीति तय करना अहम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed