गंजमुरादाबाद। गंगा का जलस्तर सोमवार से कम होने लगा है। हालांकि चार-पांच दिन से जलमग्न तरबूज, खरबूजा और हरी सब्जियों की फसलें सड़ने लगी हैं। कटरी इलाके के भुड्डा, रतईपुरवा, भगवंतपुरवा, मितानपुरवा, गुल्हरिया, मुन्नीपुरवा, सहिबापुर, भिखारीपुर पतसिया, सिरधरपुर व गहरपुरवा सहित कई गांवों के किसानों ने गंगा की रेती में तरबूज, खरबूजा, ककड़ी, खीरा, लौकी, कद्दू, तरोई, टमाटर, करेला आदि की फसलें बोई हैं। चार-पांच दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। इससे फसलें जलमग्न हो गई थीं। किसान आजाद, रामनरेश, श्रीपाल, रामलाल, श्याम बिहारी, राजाराम ने बताया कि तीन-चार दिन पानी में डूबी रहने से फसलें सड़ने लगी हैं जिनका कोई इलाज नहीं है। हालांकि अब जलस्तर धीरे-धीरे घटना शुरू हो गया है। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है।
एसडीएम बृज मोहन शुक्ला ने बताया कि कटरी के किसान गंगा नदी की परती भूमि में फसलें बो लेते हैं। इस बाढ़ से नुकसान पर सरकारी मुआवजे का प्रावधान नहीं है।