उन्नाव। बांदा जिले के गांव जसईपुर में रामपाल सिंह मेमोरियल फाउंडेशन ने यहां की शिक्षिका डॉ. प्रज्ञा त्रिवेदी को शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया है। पुरस्कार के लिए देशभर में 300 शिक्षकों ने आवेदन किया था।
कमेटी में सदस्यों ने पांच सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों का चयन करते हुए 11,000 रुपये, प्रमाणपत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रज्ञा ने बताया कि उनके अलावा मध्यप्रदेश के अनिल राजपूत, उत्तराखंड की मीना शर्मा, बरेली के राष्ट्रपति पदक प्राप्त लालबहादुर गंगवार और तमिलनाडु के एक शिक्षक को रामपाल सिंह मेमोरियल विशिष्ट शिक्षक सम्मान-2025 से अलंकृत किया गया। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि में स्कूल के विद्यार्थियों और सहकर्मी शिक्षकों का भी योगदान है। एजुकेशन इंटरनेशनल (एशिया पेसिफिक रीजन) के क्षेत्रीय प्रबंधक आनंद सिंह सहित अन्य प्रांतों के शिक्षक भी मौजूद रहे।