उन्नाव। भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें केंद्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पांच से 21 जून तक महाजनसंपर्क अभियान चलाने को लेकर चर्चा हुई।
जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार के ये 12 वर्ष गरीब, शोषित, वंचितों के कल्याण, नारी सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाले रहे हैं। इसके लिए महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया जा रहा है। शुरुआत पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल स्तर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण से होगी। इसके बाद 8 से 14 जून तक सांसद, विधायक और मंत्री विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के बीच जाएंगे और संवाद करेंगे। इस दौरान समाज, शिक्षा, साहित्य व खेल जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।
14 से 16 जून तक ब्लॉक स्तर पर विशाल जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आयुष्मान भारत योजना और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जाएगा। 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होंगे। 17 से 20 जून तक केंद्र और विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला का आयोजन होगा। समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले सामूहिक योग शिविरों से होगा। बैठक में जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, श्रीकांत कटियार, बंबालाल दिवाकर भी मौजूद रहे।