उन्नाव। शहर के राजेपुर स्थित आवास विकास की डीएलएड छात्रा अनामिका राजपूत ने योग स्लोगन प्रतियोगिता में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनका स्लोगन था घंटों मोबाइल फोन चलाने से तुम न थकते हो, तो 15 मिनट योग करने से क्यों तुम बचते हो। उपमुख्यमंत्री ने उन्हें लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 21 हजार रुपये और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयुष विभाग की ओर से आयोजित योग स्लोगन प्रतियोगिता में डायट की डीएलएड की छात्रा ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और आयुष विभाग मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने अनामिका को सम्मानित किया। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजकुमार यादव, डीपीएम आशीष कुमार, डायट प्राचार्य प्रसेनजीत सिंह, प्रवक्ता उमा प्रसाद पटेल, नीलम जायसवाल, योग प्रशिक्षक भरत लोधी, स्काउट गाइड के जिला सचिव रवि कुमार पांडेय आदि ने अनामिका को उनकी सफलता पर बधाई दी।