उन्नाव। जिले में धूमधाम के साथ लोहड़ी का त्योहार मनाया गया। गुरुद्वारा व पंजाबी कालोनी में सिख समुदाय के लोगों ने लोहड़ी जलाई और उसकी परिक्रमा कर नृत्य किया। इस दौरान सुख समृद्धि के लिए मनाए जाने वाले लोहड़ी त्योहार में अगिभन देवता की पूजा की गई।
सिख समुदाय की महिला व पुरुषों ने सोमवार शाम गुरुद्वारे में इकट्ठा हुए और लोहिड़ी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान नवविवाहिताओं ने भी लोहिड़ी की परिक्रमा लगाई। भांगड़े की धुन पर जमकर नाच-गाना हुआ। लोगों ने लोहिड़ी जलाकर उसकी परिक्रमा की और आग में काले तिल, रेवड़ी समेत अन्य सामग्री डालकर परिवारीजनों और बच्चों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। लोकगीत व संगीत के जरिए अग्नि देवता की परिक्रमा कर लोगों ने आशीर्वाद की कामना की। कार्यक्रम में अजीत पाल सिंह, कैप्टन सरदार, निम्मी अरोड़ा, पायल अरोड़ा समेत काफी तादाद में सिख समुदाय के लोग मौजूद रहे। गुरुद्वारे में देर रात तक लोहड़ी का कार्यक्रम चलता रहा।