{"_id":"5edcab048ebc3e902f36dde8","slug":"ll-b-b-l3","type":"story","status":"publish","title_hn":"गालीगलौज के बाद रोडवेज कर्मी के बेटे को मारी गोली, रेफर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गालीगलौज के बाद रोडवेज कर्मी के बेटे को मारी गोली, रेफर
विज्ञापन
NA
- फोटो : AMAR UJALA
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गालीगलौज के बाद रोडवेज कर्मी के बेटे को मारी गोली, रेफर -खड़ंजे पर खड़ी बाइक को हटाने की बात कहना पड़ा महंगा -छत पर बने कमरों की लॉन से खड़े होकर चलाई गोली उन्नाव। शहर के मोहल्ला इंदिरानगर में रास्ते से बाइक हटाने को लेकर हुई गालीगलौज के बाद शिक्षक के पुत्र ने पड़ोस में रहने वाले रोडवेज कर्मी के बेटे को गोली मार दी। दाहिने हाथ की कलाई में गोली व पेट में छर्रे लगने से युवक लहूलुहान हो गिर गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। घर में आरोपी के छिपे होने की आशंका पर एएसपी उत्तरी व सीओ सिटी की मौजूदगी में पुलिस ने गेट खुलवाने का घंटों प्रयास किया। परिजनों के गेट न खोलने पर पुलिस ने मेन गेट के साथ घर के अन्य दरवाजे तोड़ दिए। मशक्कत के बाद आरोपी के छोटे भाई व मां को पुलिस घर से बाहर निकालकर अपने साथ ले जा पाई। दहशत में आरोपी की मां की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान लगभग 4 घंटे पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। मूलतः माखी थाना क्षेत्र कोरारी गांव निवासी अवधेश कुमार मिश्र ने 7 साल पहले शहर के मोहल्ला इंदिरानगर में मकान बनवाया था।इस समय वह उत्तराखंड के हल्द्वानी में रोडवेज बस में चालक तैनात हैं और पत्नी रामा मिश्र व बेटे रवितेश मिश्र (30) व लवलेश (25) के साथ हल्द्वानी में ही रह रहे हैं। बेटा रवितेश वहीं एक ट्रांसपोर्ट में प्राइवेट नौकरी करता है। 20 मार्च को वह हल्द्वानी से अपनी ससुराल फतेहपुर जिला के चौडगरा थाना क्षेत्र के हाजीपुर आ गया। लॉकडाउन होने से वह ससुराल से निकल नहीं पाया। शनिवार रात लगभग 11 बजे वह बाइक से अपने साले पवन तिवारी के साथ इंदिरा नगर वाले घर पहुंचा। घर के पड़ोस में रहने वाले शिक्षक देवीशरण श्रीवास्तव के घर के बाहर सड़क पर उनकी बाइक व तीन कारें खड़ी थी। रास्ता ब्लॉक होने पर रवितेश ने आवाज देकर बाइक हटाने के लिए कहा। इसी बीच घर के ऊपरी छोर पर मौजूद शिक्षक देवीशरण का पुत्र ज्ञानप्रकाश लॉन में आया और बाइक न हटाने की बात कह रवितेश से गाली गलौज कर दी। रवितेश के विरोध करने पर वह गुस्से में तमंचा निकाल लाया और ऊपर लॉन से ही रवितेश पर गोली चला दी। दाहिने हाथ की कलाई में गोली व पेट मे छर्रे लगने से रवितेश लहूलुहान हो अपने गेट के पास तक आकर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस को सूचना देकर साले पवन की मदद से मोहल्ले के लोगों ने रवितेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। एएसपी उत्तरी विनोद कुमार पांडेय, सीओ सिटी यादवेंद्र यादव स्वाट टीम व भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मोहल्ले के लोगों से घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने आरोपी ज्ञानप्रकाश के घर में मौजूद होने की आशंका पर उसके घर का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। परिजनों के लगभग 1 घंटे तक दरवाजा न खोलने पर पुलिस पड़ोस की छत से आरोपी के घर के दूसरे छोर पर पहुंच गई। काफी देर तक कमरों के दरवाजे खटखटाने के बाद जब कोई बाहर नहीं निकला तो पुलिस ने पहले बल प्रयोग कर लोहे के मेन गेट का कुंडा तोड़ा फिर बारी बारी से कमरों के लकड़ी के दरवाजे तोड़ दिए। एक कमरे में आरोपी की मां, पत्नी व छोटी बहन समेत चार महिलाएं व आरोपी का 16 वर्षीय भाई सहमा बैठा मिला। जबकि आरोपी व उसका पिता पीछे के गेट से भागने में कामयाब रहे। आरोपी के भाई को पुलिस किसी तरह बाहर निकालकर अपने साथ लेकर चली गई पर महिलाओं को बाहर निकालने में महिला पुलिस कर्मियों को पसीना छूट गया। लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी की मां व पत्नी को पुलिस ने बाहर निकाला। दहशत में आरोपी की 55 वर्षीय मां की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ---------- इनसेट 4 घंटे तक जूझी पुलिस, अनाउंसमेंट के बाद भी नहीं निकले परिजन उन्नाव। मोहल्ले के लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी के घर में छिपे होने की आशंका पर मेन गेट खुलवाने के लिए पुलिस को 4 घंटे पसीना बहाना पड़ा। माइक से अनाउंसमेंट कर पुलिस काफी देर तक परिजनों से बाहर निकलने का अनुरोध करती रही पर आरोपी के परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला। --------- इनसेट जान का खतरा देख घर में दाखिल होने से पहले पुलिस ने निकाली पिस्टल उन्नाव। जिस समय पुलिस परिजनों से बाहर निकलने की अपील कर रही थी, घर के अंदर से बार बार कांच के टूटने की आवाज आ रही थी। आवाज सुनते ही जमा भीड़ आरोपी द्वारा हमला किए जाने की आशंका पर भाग पड़ती। यह क्रम काफी देर तक चला। सब्र का बांध टूटने पर पुलिस ने अपनी पिस्टल निकाली और मेन गेट को तोड़कर अंदर घुस गई। ------ इनसेट आरोपी की हरकत से मोहल्ले के लोगों में दिखा आक्रोश उन्नाव। घटना के बाद आरोपी के कृत्य से मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। हर कोई आरोपी की गलती पुलिस के सामने रखकर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगा। एएसपी ने कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिला सभी को शांत कराया। मोहल्ले के लोगों के अनुसार आरोपी का पिता व पत्नी निशि श्रीवास्तव सरकारी टीचर हैं। जिससे आरोपी कुछ नहीं करता है। आए दिन लोगों से झगड़ा उसकी आदत में सुमार था। ------ इनसेट घर से मिली एयर गन, लाइसेंसी रिवाल्वर होने की भी चर्चा उन्नाव। आरोपी की तलाश में घर में घुसी पुलिस व स्वाट टीम को जब आरोपी व उसका पिता नहीं मिला तो उन्होंने तमंचा खोजना शुरू किया। इस दौरान पुलिस को कमरे से एक एयर गन मिली। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी के घर में लाइसेंसी रिवॉल्वर भी है। हालांकि रिवाल्वर पुलिस को नहीं मिला। एएसपी ने आरोपी व उसके पिता के पीछे के गेट से भागने की बात कही है। उन्होंने शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा भी दिलाया है। -------
विज्ञापन