उन्नाव। गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। बुधवार को सुबह से शाम के बीच 17 सेंटीमीटर पानी में कमी आई। जिससे कटरी क्षेत्र के लोगों को फौरी तौर पर कुछ राहत मिली। वहीं मुख्य मार्ग से पानी घटने की शुरुआत हुई तो ग्रामीणों ने आवागमन शुरू किया। वहीं नावों को कम किया जाने लगा है।
बुधवार सुबह छह बजे जलस्तर 112.600 मीटर पर था। जो शाम छह बजे घटकर 112.430 मीटर पर पहुंच गया। इससे बांगरमऊ, परियर, बीघापुर, फतेहपुर चौरासी, सफीपुर, गंजमुरादाबाद व बांगरमऊ आदि के गंगा कटरी क्षेत्रों में घरों में भरा पानी कम होने लगा। संपर्क मार्गों से पानी कम होने से ग्रामीणों का आवागमन शुरू हो गया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं लगातार पानी होने से प्रशासन ने शुक्लागंज सहित अन्य क्षेत्रों में चल रही नावों की वापसी शुरू कर दी। जिससे अब क्षेत्रों में गिनती की ही नावें बची हैं। वहीं सड़क किनारे डेरा जमा लोगों ने घरों को लौटना शुरू कर दिया है। हालांकि घर पहुंचने पर कीचड़ आदि देख साफ सफाई में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, सपा के पूर्व विधायक रामकुमार व अभिनव कुमार ने बाढ़ प्रभावित अतरी, प्यारेपुर, बंधवा, बहरौला, बंदनपुरवा, मानाबंगला, देवीपुरवा, मक्कापुरवा व पटियारा आदि गांवों में जाकर पीड़ितों को केला, बिस्किट सहित अन्य राहत सामग्री का वितरण किया।