सफीपुर। कोतवाली क्षेत्र में हुई मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में 13 लोग घायल हो गए। पुलिस 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज मामलों की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर खुर्द निवासी जगदीश ने तहरीर में बताया कि वह घर से कूड़ा डालने जा रहा था। तभी गांव के रामधार, उमाशंकर व शिवदेवी ने घेर कर लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। बचाने पहुंची पत्नी मुन्नी देवी, बेटी पूनम व बेटे अरुण को भी पीटा। सिर पर कुल्हाड़ी के वार से बेटी पूनम गंभीर रूप से घायल हुई है। वहीं, दूसरे पक्ष से रामधार ने तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह वह जानवरों का चारा-पानी कर रहा था। तभी जगदीश, उसकी पत्नी सुमन, बेटे अरुण, अनुराग व बेटी पूनम ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया। बचाने आई पत्नी शिवदेवी व बेटी सुनैना से भी मारपीट की। दूसरी घटना कोतवाली क्षेत्र गांव नयाखेड़ा की है। यहां रहने वाली रामदुलारी ने तहरीर में बताया कि शनिवार को वह खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर लेकर जा रही थी। आरोप है कि गांव के रामसहाय, रामलखन, दशरथ व दिनेश ने ट्रैक्टर रोक लिया। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। बचकर वह घर भागी तो आरोपी पीछा करते हुए घर में घुस गए और बेटी काजल व परिवार के अजय, सर्वेश, विद्यावती व सावित्री को भी लाठी-डंडों से पीटा। कोतवाल संदीप मिश्रा ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।