सुल्तानपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के पहले दिन विद्यार्थियों को योग सिखाया गया। शिक्षकों ने योगाभ्यास की तस्वीरें विभागीय ग्रुप में भेजीं। खंड शिक्षाधिकारियों ने आयुष कवच एप पर योगाभ्यास के चित्रों को अपलोड कराया।
आठवें विश्व योग दिवस को जोर-शोर से मनाने के लिए सभी विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में भी 16 से लेकर 21 जून तक विविध कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। बीएसए दीवान सिंह यादव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सभी प्राथमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में योगाभ्यास कराने का निर्देश दिया गया है। करौंदीकलां के प्राथमिक विद्यालय शुकुलपुर में शिक्षक सुरेंद्र प्रताप यादव ने विद्यार्थियों को योगासन की मुद्राएं सिखाईं। प्राथमिक विद्यालय इमली गांव एवं मगरसन कलां में भी विद्यार्थियों को योग सिखाया गया। दोस्तपुर के प्राथमिक विद्यालय समसपुर में भी योग सिखाया गया। बीएसए दीवान सिंह यादव ने बताया कि लगभग 500 विद्यालयों में शिक्षकों ने बच्चों को योग सिखाया। यह प्रक्रिया 21 जून तक आयोजित होगी। सभी विद्यालयों में योगाभ्यास कराया जाएगा।