सुल्तानपुर। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस लाइन के सभागार में रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से वामा वेलनेस कैंप आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों, महिलाओं व बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में पहुंचे चिकित्सक व विशेषज्ञों ने मौजूद लोगों को ऋतु परिवर्तन के दौरान होने वाली बीमारियों जैसे सर्दी, जुकाम, डेंगू, मलेरिया व टायफाइड से बचाव के लिए जानकारी दी। पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
जिले में अन्य स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोतवाली नगर के गोड़वा में महिला सिपाही अंजिता मौर्या, अर्चना रावत, रीमा यादव, सिपाही बृजेश यादव, आनंद यादव ने चौपाल में महिलाओं और बच्चियों को सरकार से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। (संवाद)