{"_id":"5a145ae44f1c1b95188b5581","slug":"no-buyer-of-crop","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो केंद्रों पर शून्य पाई गई धान की खरीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो केंद्रों पर शून्य पाई गई धान की खरीद
Amarujala Bureau
Updated Tue, 21 Nov 2017 10:27 PM IST
विज्ञापन
किसानों को परेशानी
- फोटो : अमर उजाला
जिले में हो रही धान खरीद का मंगलवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। चार क्रय केंद्रों के निरीक्षण में प्राइवेट प्लेयर्स के दो क्रय केंद्रों पर खरीद शून्य पाई गई। डीएम ने एजेंसी के जिला प्रभारी को कड़ी चेतावनी दी है।
विज्ञापन
जिलाधिकारी हरेंद्रवीर सिंह ने मंगलवार को जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कमलेश सिंह के साथ खाद्य विभाग के कामतागंज व लंभुआ क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। कामतागंज में अब तक 103 क्विंटल धान सात किसानों से खरीदा गया है। डीएम ने यहां पर मिले पन्ना टिकरी के किसान राजेंद्र नाथ व राकेश पाठक से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। राजेंद्रनाथ का 10 क्विंटल और राकेश पाठक का 100 क्विंटल धान खरीदा गया है।
विज्ञापन
क्रय केंद्र के प्रभारी ने जानकारी दी कि सेंटर पर 1400 गांठ बोरा व 28 लाख रुपये उपलब्ध हैं। किसानों को आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है। लंभुुआ क्रय केंद्र के निरीक्षण में डीएम ने पाया कि 376 क्विंटल धान खरीदा गया है। यहां पर पांच लाख 88 हजार रूपये व 20 हजार बोरा मौजूद मिला। डीएम ने प्राइवेट प्लेयर्स के महानपुर व श्रीरामपुर अर्जुनपुर क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों पर अभी तक खरीद की बोहनी नहीं हो सकी है। केंद्र पर नमी मापक यंत्र व पावर बिनोइंग फैन मौजूद नहीं मिला। क्रय केंद्र पर समुचित सफाई नहीं कराई गई थी।
विज्ञापन
डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्राइवेट प्लेयर्स के जिला प्रभारी को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि धान खरीद लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुई तो कड़ी कार्रवाई के लिए प्रकरण शासन को संदर्भित किया जाएगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि प्राइवेट प्लेयर्स की ओर से खरीद में लापरवाही की जा रही है। एजेंसी ने सभी 18 केंद्रों पर धान खरीद शुरू होने की फर्जी सूचना भेज दी है जबकि मंगलवार को हुए निरीक्षण में दो केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो सकी है।