{"_id":"862d81feb55b4fb396ebec0f299ed9ac","slug":"group-clash-results-in-firing-in-sultanpur-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो/सुल्तानपुर
Updated Tue, 21 Jul 2015 10:10 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुल्तानपुर। एक हफ्ते पूर्व से क्रिकेट को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार की शाम तूल पकड़ लिया। हाईवे पर स्थित चाय की दुकान पर अलीगढ़ गांव के बैठे युवकों को अमहट गांव के लोगों ने पीट दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
विज्ञापन
उपद्रवियों ने जमकर पत्थरबाजी की और दो बाइकें फूंक दी। चार बाइकें क्षतिग्रस्त कर दी गईं। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। एसपी भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगढ़ और अमहट गांव के बच्चों के बीच एक हफ्ते पहले क्रिकेट को लेकर विवाद हुआ था। तभी से दोनों गांवों के लोग आपस में खुन्नस रख रहे थे। मंगलवार की शाम करीब छह बजे अलीगढ़ गांव के तीन युवक हाईवे किनारे स्थित चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी अमहट गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच क्रिकेट के विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
विज्ञापन
अमहट गांव के युवकों ने अलीगढ़ गांव के युवकों को पीट दिया। अलीगढ़ और अमहट गांव आपस में सटे हुए हैं, लिहाजा पीड़ित युवक गांव पहुंचे और ग्रामीणों से आपबीती सुनाई। देखते ही देखते अलीगढ़ गांव से 30-35 की संख्या में असलहाधारी अमहट चौराहे के पास एकत्र हो गए। दूसरी तरफ से भी अमहट गांव के लोग असलहे लेकर वहां पहुंच गए। दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग व पत्थरबाजी शुरू हो गई। सड़क किनारे खड़ी दो बाइकें फूंक दी गई, जबकि चार मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उपद्रवियों ने चौराहे के पास चाय व पान की गुमटियों को भी नहीं बख्शा।
घटना के वक्त मौजूद तीन-चार होमगार्डों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। सूचना पाते ही एसपी सोनिया सिंह, एएसपी प्रद्युम्न सिंह, सीओ लंभुआ, नगर कोतवाल समेत कई थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने अमहट और अलीगढ़ के करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है। इस बाबत एसपी सोनिया सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। जनमानस में खुलेआम खौफ पैदा करने के आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई होगी। जिन लोगों के लाइसेंसी शस्त्र हैं, उनके निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।