मधुपुर। कम्युनिटी पुलिस के तहत सुकृत चौकी क्षेत्र के नागनार हरैया गांव में शुक्रवार को एसपी अमरेंद्र प्रसा सिंह ने असहायों को कंबल, युवाओं को वालीबाल एवं नेट और बच्चों को स्कूल बैग का वितरण किया। पुलिस और आम जनता के बीच सामंजस्य स्थापित कर अपराध मुक्त समाज बनाने का आह्वान किया। इस दौरान एसपी के समक्ष ग्रामीणों ने शुद्ध पेयजल, बिजली, चिकित्सा समेत अन्य समस्याओं की अंबार लगा दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याएं दूर कराने का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से आह्वान किया कि अगर कोई व्यक्ति समाज की मुख्य धारा से भटकाने का प्रयास करें तो उसके बारे में तत्काल सूचना दें। एसपी ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा के स्तर को उठाकर आप कोई सफलता हासिल कर सकते हैं। मिशन नारी शक्ति के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल से वरिष्ठ सहायक समाज कल्याण विभाग प्रदीप कुमार मौर्य ने लोगों को वृद्धा पेंशन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। महिला कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल से साधना मिश्रा एवं सीमा द्विवेदी ने घरेलू हिंसा एवं उत्पीड़न तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कन्या सुमंगला योजना, तब बाल विवाह रोकथाम हेतु महिलाओं को जागरूक किया। सीओ राज कुमार तिवारी, कोतवाल अंजनी कुमार राय, चौकी प्रभारी कृष्ण गोपाल राय, विजय कुमार, चंद्र केसर सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, शशीकांत, शिवदास वर्मा आदि मौजूद रहे।