सोनभद्र में सीएम योगी की रैली: 22 को भाजपा की जन विश्वास यात्रा को करेंगे संबोधित, तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 दिसंबर को सोनभद्र आएंगे। नगर स्थित हाइडिल मैदान में उनकी जनसभा के लिए तैयारियां शुरू कर दी गईं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 दिसंबर को सोनभद्र के हाइडिल मैदान में भाजपा की जन विश्वास यात्रा को संबोधित करेंगे। सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीएम-एसपी समेत अन्य अफसरों ने सभास्थल का भ्रमण किया। रेलवे ग्राउंड में हेलीपैड के लिए जगह चिह्नित की गई। कार्यक्रम में आने वालों के वाहनों की पार्किंग के लिए भी जगह चिह्नित की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे के मुताबिक प्रदेश में पार्टी की छह जन विश्वास यात्राएं भ्रमण कर रही हैं। 22 दिसंबर को चंदौली से चलकर जन विश्वास यात्रा सोनभद्र पहुंचेगी। जिले की सीमा पर तिवारीपुर गांव के पास कार्यकर्ता विश्वास यात्रा का स्वागत करेंगे। विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए यात्रा नगर के हाइडिल मैदान पहुंचेगी।
सीएम की सभा में जुटेंगे भाजपा के कई नेता
यहां यात्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में पार्टी के कई अन्य नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि अभी उनका कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। उधर, सीएम के आगमन की सूचना के बाद पार्टी के साथ ही प्रशासन भी जोर-शोर से तैयारियों में जुट गया है।
पढ़ेंः काशी क्षेत्र में भाजपा की जन विश्वास यात्रा: कल मंत्री स्मृति ईरानी करेंगी शुभारंभ, 71 विधानसभाओं से गुजरेगी यात्रा
शनिवार को डीएम टीके शिबू, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने हाइडिल मैदान, नवीन सब्जी मंडी परिसर आदि स्थानों का निरीक्षण किया। डीएम ने एसडीएम राजेश सिंह और सीओ राजकुमार तिवारी को वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम स्थल के पहले ही बस समेत अन्य बड़े वाहनों को खड़ा कराने के लिए कहा। एसपी ने सदर कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा, यातायात प्रभारी राजेश सिंह को सड़कों के पटरियों से अतिक्रमण हटवाते हुए सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
ऐसे होगी ट्रैफिक व्यवस्था
एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि हिंदुआरी की ओर से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों को चंडी तिराहे के पास खड़ा कराया जाएगा। वहीं चुर्क तिराहा की तरफ से आने वाले वाहनों को नवीन सब्जी मंडी, सजौर की ओर से आने वाले वाहनों को रेलवे क्रॉसिंग के पास और शाहगंज की ओर से आने वाले वाहनों को कम्हारी के पास खड़ा कराने की व्यवस्था कराई जा रही है।
परियोजनाओं की सूची बनाने में जुटा प्रशासन
विधानसभा चुनाव के पहले जिले में विकास की कई परियोजनाएं पूरी होने वाली हैं। इनका मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण कराया जाना है। जनवरी में चुनाव के एलान से ठीक पहले मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन ऐसी परियोजनाओं की सूची तैयार करने में जुट गया है, जिनका लोकार्पण या शिलान्यास कराया जाना है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पार्टी के जन विश्वास यात्रा में आ रहे सीएम परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे या नहीं। प्रशासन मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क साधकर फाइनल कार्यक्रम पाने की कोशिश में जुटा है। एहतियात के तौर पर तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो अगर इस कार्यक्रम में परियोजनाओं का लोकार्पण नहीं हुआ तो जल्द ही फिर से जिले में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बन सकता है।