केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने बुधवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण कार्य की प्रगति जानी। काम को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पटवध ग्राम समूह पेयजल योजना के कार्यों का भी निरीक्षण किया।
चुर्क के समीप रौंप गांव में 222.90 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण चल रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि प्रथम किश्त के रूप में करीब 45 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इससे कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्टल, टाइप-2, टाइप-3, टाइप-4 और टाइप-5 आवास, प्रधानाचार्य आवास, मल्टीलेवल पार्किंग आदि भवनों का कार्य चल रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कार्य को गुुणवत्तापूर्ण ढंग से कराते हुए समयबद्ध ढंग से पूूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं से पिछड़े जिलों में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। यह सरकार की प्राथमिकता में है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पटवध में ग्राम समूह पेयजल परियोजना के तहत हुए कार्यों का अवलोकन किया और संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान सांसद पकौड़ी लाल कोल, विधायक भूपेश चौबे, डॉ. अनिल कुमार मौर्य, सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, एसडीएम सदर राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।