रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पकरहट पुल के पास राबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर रविवार की भोर में घेराबंदी कर पुलिस ने मवेशियों से लदी दो पिकअप को पकड़ लिया। अंधेर का फायदा उठाते हुए तीन तस्कर फरार हो गए, जबकि पुलिस कर्मियों दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों से मुक्त 12 मवेशियों को गौ आश्रय स्थल भेजा जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए तस्करों का चालान कर दिया गया। शनिवार की रात सदर सीओ आशीष मिश्रा को सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर मवेशियों को वध के लिए पिकअप से बिहार जाने वाले हैं। सीओ के निर्देश पर दलबल के साथ पन्नूगंज प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पकरहट पुल के पास घेराबंदी कर मवेशियों से लदे वाहनों के आने का इंतजार करने लगे। रविवार भोर में लगभग चार बजे दो पिकअप वाहन दिखाई दिए, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पशु तस्कर पुलिस को देख वाहन खड़ा कर भागने लगे। पुलिस ने दो पशु तस्करों को दौड़ाकर पकड़ लिया और तीन पशु तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पिकअप की तलाशी ली गई तो वाहन में 12 मवेशी लदे मिले। एसओ ने बताया कि पकड़े गए पशु तस्कर देव कुमार, नजीब अंसारी निवासीगण जमुनीनार, कैमूर, अधौरा (बिहार) और फरार साहिब सिंह निवासी खटखरी, थाना अधौरा( बिहार), अवध लाल निवासी जमुनीनार, थाना अधौरा( बिहार) और औरंगजेब निवासी तकिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। तस्करों को पकड़ने में एसएसआई मनोज कुमार सिंह, प्रशांत श्रीवास्तव, आशीष कुमार, प्रेम शंकर मिश्रा, वेद प्रकाश का अहम योगदान रहा।