सोनभद्र में हादसे: दो लोगों ने गंवाई जान...मातम, अनियंत्रित होकर पलटा था ट्रेलर; बस की चपेट में आया युवक
Sonbhadra News: सोनभद्र में दो हादसों के दाैरान दो लोगों की माैत हो गई। राख लदा ट्रेलर पलटने से चालक ने जान गंवा दी। वहीं, बस की चपेट में आने से बाइक सवार डिलिवरी बॉय की मौत हो गई। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
UP Road Accident: वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पिपरी थाना अंतर्गत खाड़पाथर के पास सोमवार को सड़क हादसे में ट्रेलर चालक सुल्तान अंसारी (40) की मौत हो गई। विंध्यनगर से राखड़ लेकर वह गोरखपुर जा रहा था। रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
गाजीपुर जिले के जखनियां निवासी सुल्तान अंसारी बिहार नंबर का ट्रेलर चला रहा था। एनटीपीसी की विंध्यनगर परियोजना से राख लादकर वह गोरखपुर के लिए निकला था। जैसे ही वाहन पिपरी थाना क्षेत्र में खाड़पाथर से आगे पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया।
दुर्घटना में चालक को गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पाकर पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हिंडाल्को मोर्चरी में रखवा दिया। पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने से चालक की मृत्यु हुई है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बस की चपेट में आने से बाइक सवार डिलिवरी बॉय की मौत
शक्तिनगर सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में रविवार की रात एनसीएल के एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे में बाइक सवार डिलिवरी बॉय कलश गुप्ता (28) की मौत हो गई। वह डिलिवरी देकर जयंत से मोरवा लौट रहा था। तभी बस की चपेट में आ गया। मोरवा थाना क्षेत्र में एनसीएल ने एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया है। रविवार रात मोरवा से बैढ़न जा रही बस ने जयंत से डिलेवरी देकर मोरवा लौट रहे बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतक की पहचान मोरवा निवासी कलश गुप्ता (28) के रूप में हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक आगे से पूरी तरह चकनाचूर हो गई, वहीं बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पिकअप में लोड कर मोरवा थाना पहुंचाया, जबकि बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर यातायात बहाल करा दिया।