सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: रणुका नदी में दो युवक डूबे, एक को बचाया गया; ओबरा डैम के पानी में फंसे थे लोग
सोनभद्र के रेणुका नदी में दो युवकाें के डूबने की सूचना पाकर पुलिस भी माैके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों ने एक युवक को बचा लिया था। वहीं, दूसरे युवक की तलाश की जा रही थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था।
विस्तार
UP Accident News: सोनभद्र में ओबरा थाना क्षेत्र के खैरटिया गांव में गुरुवार को रेणुका नदी में नहाने के दौरान दो युवक नदी में डूब गए। दोनों नदी के तेज बहाव में फंस गए थे। ग्रामीणों की सक्रियता से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। देर शाम तक उसका पता नहीं चल पाया था।
झारखंड के पलामू निवासी प्रिंस सिंह सेना में कार्यरत है। उसकी शादी बीते 10 मई को ओबरा के सेक्टर आठ निवासी विकास सिंह की बहन प्रमिला के साथ हुई थी। शादी के बाद प्रिंस अपने चचेरे भाइयों मधुरेश सिंह व सूरज सिंह के साथ पत्नी प्रमिला की विदाई कराने ओबरा आया था।
सुबह प्रिंस अपनी पत्नी प्रमिला सहित ससुराल के अन्य लोगों और भाइयों के साथ रेणुका नदी छठ घाट पर घूमने पहुंचा। इस बीच, नदी में पानी कम होने की वजह से सभी नदी के बीच बने ऊंचे टीले पर जा पहुंचे। उनमें से कुछ लोग पानी में नहाने लगे।
परिजनों में मचा कोहराम
इसी दौरान ओबरा डैम से पानी निकलने की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। सभी लोग खतरे को भांपकर नदी से बाहर निकलने लगे। इसी बीच, प्रिंस का मौसेरा साला अंकित पानी के तेज बहाव में डूबने लगा। उसे डूबता देख मधुरेश उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी।
बहाव तेज होने की वजह से मधुरेश का संतुलन बिगड़ने से अंकित का हाथ छूट गया और दोनों ही पानी के तेज बहाव में बहने लगे। तैरना आने के कारण मधुरेश लगभग एक किमी दूर जाकर जैसे-तैसे पानी से बाहर निकल आया, मगर अंकित पानी के तेज बहाव में फंस गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद अन्य परिजनों में कोहराम मच गया।
तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह व पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से लापता अंकित की काफी खोजबीन की। देर शाम तक अंकित का पता नहीं चल पाया था। खोजबीन के लिए मौके पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।