Cough Syrup: सोनभद्र से भदोही और आजमगढ़ तक फैला था कफ सिरप तस्करी का धंधा, ऐसे जुड़ती गई कड़ी
Sonbhadra News: सोनभद्र से भदोही और आजमगढ़ तक कफ सिरप तस्करी का धंधा फैला था। एसआईटी की जांच में परत दर परत खुलासे हो रहे हैं।
विस्तार
शैली ट्रेडर्स रांची ने भदोही के चौरी थाना स्थित परसीपुर की राजेंद्र एंड संस ड्रग एजेंसी को एक लाख 28 हजार शीशी फेंसेडिल कफ सिरप बेचा था। औषधि निरीक्षक सौमित्र जांच करने पहुंचे तो पता चला कि फर्म का संचालन अंशिका गुप्ता करती हैं। उन्होंने उनसे बात की तो कहा गया कि चार माह पहले फर्म बंद कर दी गई थी। रिकॉर्ड की छानबीन करने पर ड्रग एजेंसी से सिरप भदोही के नई बाजार स्थित दिलीप मेडिकल और आयुष इंटरप्राइजेज को बेचे जाने की बात सामने आई।
इसे भी पढ़ें; UP News: दुष्कर्म पीड़िता ने बच्ची को दिया जन्म, अस्पताल में उम्र बताई 20 साल, एफआईआर में 13; उठ रहे सवाल
पंजीकृत पते पर औषधि निरीक्षक पहुंचे तो पता चला कि वहां आयुष इंटरप्राइजेज नाम की कभी कोई फर्म थी ही नहीं। दिलीप मेडिकल के बारे में मालूम हुआ कि शिवशक्ति इंटर प्राइजेज, खरिहानी नहर आजमगढ़ ने इस फर्म को एक लाख 41 हजार और मेसर्स मां शारदा फार्मा मुस्तफाबाद, जहानागंज आजमगढ़ ने 45000 शीशी कफ सिरप बेचा है लेकिन दर्शाए गए पते पर न तो आपूर्ति मिली न बिक्री। चौरी थाने में 27 नवंबर को इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
ऐसे जुड़ती गई सोनभद्र से भदोही और भदोही से आजमगढ़ की कड़ी
जांच में सामने आए ये तथ्य
एसआईटी ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि सोनभद्र में फर्म संचालित करने वाले दोनों आरोपी सगे भाई हैं। भदोही में राजेंद्र एंड संस ड्रग एजेंसी का संचालन विजय की पत्नी अंशिका के नाम पर किया गया। अंशिका ने जिन फर्मों को आपूर्ति दर्शाई, उन फर्मों को आजमगढ़ से भी थोक में कफ सिरप की आपूर्ति दिखाई गई है। सोनभद्र और भदोही की फर्मों को नोटिस जारी कर आपूर्ति, लेन-देन का विवरण तलब किया गया है। कहा जा रहा है कि सोनभद्र एसआईटी की जांच आजमगढ़ तक पहुंची सकती है।
क्या बोले अधिकारी
अब तक जो जानकारियां सामने आई हैं, उनके आधार पर पांच फर्म संचालकों और एक चार्टर्ड एकाउंटेंट को नोटिस जारी कर ब्योरा तलब किया गया है। जैसे-जैसे जांच में जानकारियां सामने जाएंगी, वैसे-वैसे कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। -अभिषेक वर्मा, एसपी