सोनभद्र। सात दिन पूर्व करमा थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी की हुई मौत के मामले ने नया मोड़ लिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत पांच के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश करने मेें जुट गई है। वहीं मंगलवार को सपा के पूर्व विधायक इं. रमेश चंद्र दूबे, अविनाश कुशवाहा, जिलाध्यक्ष विजय यादव, संजय यादव समेत अन्य लोगों ने मृतका के घरवालों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
पुलिस के मुुताबिक वादी का कहना है कि उसकी बेटी से गांव का रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था। युवक अक्सर उसके घर आता-जाता था। बेटी विरोध करती थी वह उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देता था। उसका कहना है कि 16 सितंबर की रात करीब 11 बजे विपक्षी ने उसकी बेटी को फोन करके बुलाया और उसे गांव के दक्षिण तरफ कूप पर ले गया। वहां पर उसके पहले से चार साथी मौजूद थे। उसका आरोप है कि सभी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव को कूप में फेंक कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष देवतानंद सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर रविशंकर, प्रदीप और तीन अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या समेत अन्य धाराओें में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।