सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह ने शनिवार को सदर ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्र गोरडीहा और तियरा का निरीक्षण किया। गोरडीहा के केंद्र पर डीएमएफ से उपलब्ध कराई गई खेल सामग्री से बच्चे खेलते मिले। बच्चों के चेहरे पर प्रसन्नता और खुशहाली देख डीएम ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए उनसे खेल सामग्री के उपयोग करने की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकत्री को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाय। जिले के लगभग पांच सौ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए खेल-कूद सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बच्चे शिक्षा के साथ खेल-कूद में भागीदारी कर सकें। उन्होंने कहा कि जनपद के लगभग 176 आंगनबाड़ी केंद्रों पर जिला खनिज फाउंडेशन के माध्यम से पोषण वाटिका का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य प्रारंभ हो चुका है। पोषण वाटिका लगभग 1 हजार वर्ग फिट में तैयार की जाएगी। इसमें पौधों को लगाने के लिए 8 क्यारी बनेगी। इसमें होने वाले उत्पादों को बच्चों के खाद्य सामग्री के रूप में उपयोग किया जाएगा। डीएम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय गोरडीहा का भी औचक निरीक्षण किया। प्रधानाचार्या को निर्देशित किया कि परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के साथ ही बच्चों को बेहतर उपलब्ध कराया जाय। बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सीडीओ सौरभ गंगवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।