सोनभद्र: दुद्धी में तीन वाहनों की भिड़ंत, बोलेरो सवार की मौत; केबिन में फंसा टीपर चालक
सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में डीसीएम, बालू लदे टीपर और बोलेरो की भिड़ंत में बोलेरो सवार 28 वर्षीय राजकुमार रावत की मौत हो गई। हादसे में टीपर चालक घायल हो गया।
विस्तार
तीनों वाहनों में हुई जोरदार टक्कर
बताया गया कि म्योरपुर की ओर से डीसीएम दुद्धी आ रहा था। वहीं, बालू लदा टीपर झारोखुर्द की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। तभी दुद्धी की ओर जा रही बोलेरो भी दोनों वाहनों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
केबिन में फंसे चालक को ग्रामीणों ने निकाला
हादसे में बोलेरो सवार सिंगरौली के बैढ़न निवासी राजकुमार रावत (28) की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में सवार अन्य लोग सुरक्षित बताए गए हैं। वहीं, टीपर चालक विंढमगंज के कोरगी निवासी नंदू (18) केबिन में फंस गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
वाहनों को हटवाकर यातायात कराया बहाल
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़े होने से लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।