सोनभद्र स्थित एनटीपीसी रिहंद स्टेशन में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ बुधवार को हुआ। प्रशासनिक भवन परिसर स्थित मंथन सभागार में कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक रिहंद देबव्रत पॉल ने कार्यालय के कार्यों और आम बोलचाल में हिंदी के इस्तेमाल पर जोर दिया।
हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं की शृंखला में बुधवार सुबह स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिंदी में हस्ताक्षर किए। बताया कि तीन सितंबर से कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से नौ तक की पोस्टर प्रतियोगिता, चार को सहयोगी संस्थाओं के कर्मचारियों के लिए स्लोगन प्रतियोगिता होगी। टाउनशिप महिलाओं व कक्षा छह से नौ तक के छात्र-छात्राओं से स्वरचित कविता लेखन, महिलाओं और कर्मचारियों के लिए गीत गायन प्रतियोगिता, टाउनशिप महिलाओं का लघु नाटक, कर्मचारियों की सुलेख प्रतियोगिता और कर्मचारियों के लिए हिंदी कार्यशाला की प्रतियोगिता कराई जाएगी। पखवाड़े का समापन 15 सितंबर को प्रशासनिक भवन परिसर के सम्मेलन कक्ष में किया जाएगा।