कंपोजिट विद्यालय मुसही की कक्षा सात की मेधावी छात्रा पूजा के लिए शुक्रवार का दिन यादगार बन गया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पूजा को एक दिन के लिए सांकेतिक अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित थानों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के प्रति समझ विकसित करना है। पूजा का पुलिस कार्यालय में एएसपी ऋषभ रुणवाल ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप स्कूल बैग भी भेंट किया। सांकेतिक एएसपी के रूप में पूजा ने मिशन शक्ति केंद्र, साइबर क्राइम सेल और महिला सम्मान प्रकोष्ठ का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क के अभिलेखों और पीड़िताओं से संवाद करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली। पूजा ने भविष्य में एसपी बनने की इच्छा जताते हुए कहा कि इस अनुभव से उन्हें पुलिस की जिम्मेदारियों को समझने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। एएसपी ऋषभ रुणवाल ने छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक दायित्वों की जानकारी दी। इस मौके पर वन स्टॉप सेंटर की दीपिका सिंह, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सहायक अध्यापिका उत्तमा चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।