सोनभद्र। रौनियार समाज सोनभद्र की बैठक सोमवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित संगम गुप्ता के आवास पर हुई। इसमें जिलेभर से समाज के वरिष्ठ सदस्य, व्यवसायी और समाजसेवी शामिल हुए। प्रमुख व्यवसायी हनुमान दास गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में रामसहाई रौनियार को अध्यक्ष और संजय कुमार गुप्ता और संजीव कुमार गुप्ता को महामंत्री चुना गया। पूर्व चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि समाज की ओर से लगातार लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। समाज को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। संचालन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यवसायी राजेश गुप्ता ने किया। उन्होंने नई कमेटी के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। अधिवक्ता शिवशंकर गुप्ता ने सात अक्तूबर को देश के अंतिम हिंदू सम्राट हेमचंद विक्रमादित्य के राज्याभिषेक उत्सव के आयोजन का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इस दौरान समाज के संरक्षक रहे राजकुमार तरुण और रतन गुप्ता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर डॉ. एके गुप्ता, शिवशंकर गुप्ता, श्रवण गुप्ता, श्यामजी गुप्ता, दयाशंकर गुप्ता, अशोक गुप्ता, रामजी गुप्ता, राजन गुप्ता, पूर्व प्रधान लक्ष्मीनारायण रौनियार, रमाशंकर रौनियार, जमुना प्रसाद, मनोज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।