UP: जेसीबी और मैजिक के बीच दबकर पाइप फिटर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा; कंपनी के प्रतिनिधि को पीटा
Sonbhadra News: मधुपुर के कोइलहिया बस्ती में शुक्रवार रात जेसीबी और मैजिक वाहन के बीच दबने से पाइप फिटर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रशासन, कंपनी प्रतिनिधियों और परिजनों के बीच वार्ता के बाद 20 लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी, तब मामला शांत हुआ।
विस्तार
UP News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर की कोइलहिया बस्ती में बीती रात पाइप फिटर हिनौता निवासी अखिलेश यादव (28) की जेसीबी-मैजिक के बीच दबकर मौत हो गई। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कुछ लोगों ने निर्माण कार्य करा रही कंपनी के एक प्रतिनिधि को थप्पड़ भी जड़ दिए। सांसद छोटेलाल खरवार ने कंपनी के प्रतिनिधि के जरिये उनके जीएम से बात की। साथ ही 10 लाख की आर्थिक मदद तत्काल और 10 लाख की मदद दो दिन बाद देने की बात कही।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिनौता निवासी अखिलेश यादव (28) हर घर नल योजना के जरिये ग्राम पंचायत स्तर पर पाइप फिटिंग करता था। उसके हुनर को देखते हुए हर घर नल के लिए पाइप लाइन बिछा रही कंपनी ने भी उसे अपने से जोड़ रखा था। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर ग्राम पंचायत स्थित कोइलहिया बस्ती से गुजरी पाइप लाइन का एक हिस्सा अलग होकर गिर गया था।
परिजनों में मचा कोहराम
शुक्रवार की शाम उसी को फिट करने के लिए उसे ले जाया गया था। पाइप फिट करने के बाद रात करीब आठ बजे टूल सुरक्षित रखने के साथ वह घर जाने की तैयारी कर रहा था। वह जिस जगह खड़ा था, उसके एक तरफ जेसीबी और दूसरी तरफ मैजिक खड़ी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक मैजिक ने उसे तेजी से उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह जेसीबी से टकरा गया। इससे उसे सिर और सीने में गहरी चोट लगी। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अखिलेश की दो साल पहले शादी हुई थी। उसे एक साल का बेटा है।
हादसे से परिवार ही नहीं पूरा गांव स्तब्ध
अखिलेश की मौत ने सिर्फ परिवार के लोगों को ही नहीं, पूरे गांव के लोगों को स्तब्ध कर दिया। सरल और सहज व्यवहार के चलते वह पूरे गांव का चहेता था। पिता तेजबल विश्वास नहीं कर पा रहे थे कि बेटे की मौत हो गई है। शनिवार को पोस्टमार्टम के समय भी मौजूद गांव का हर व्यक्ति मौत का कारण जानने के लिए बेताब दिखा। सांसद छोटेलाल खरवार, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव आदि ने पहुंचकर परिवारीजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
चाचा सत्यनारायण ने हादसे के लिए कंपनी पूरी तरह जिम्मेदार बताया। कहा कि कंपनी एक्ट के तहत जो भी मदद बनती है वह मिलनी चाहिए। उन्होंने मैजिक चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मामले में कार्रवाई के लिए तहरीर मिलती है तो प्राथमिकी दर्ज कर जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।