सोनभद्र। पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को सोनभद्र में 1 करोड़ 67 लाख से अधिक पौधे रोपे गए। इस वृहद अभियान में राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह पौधों की प्रतीकात्मक बरात निकाली गई और फलदार पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रदेश सरकार के 35 करोड़ पौधरोपण अभियान के तहत सोनभद्र को सबसे बड़ा लक्ष्य मिला है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर जिले की छह बंजर पहाड़ियों को हरियाली से आच्छादित करने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले वर्षों में ये पहाड़ियां सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता को नई पहचान देंगी। जुगैल की आंबेडकर पहाड़ी, चोपन के पनारी स्थित जुड़वानी पहाड़ी, घटिहटा की गड़ई पहाड़ी, म्योरपुर के रासपहरी की रासपहाड़, गंभीरपुर की सरहद पहाड़ी तथा दुद्धी के नगवां की भवरहवा पहाड़ी पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। चोपन ब्लॉक के जुगैल स्थित आंबेडकर पहाड़ी पर समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने 10 बीघा भूमि पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। अभियान के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पौधों की बरात निकाली गई। आम, अमरूद सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया। सभी विकास खंडों और ग्राम सभाओं में पौधरोपण के साथ लोगों को प्रकृति संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। सदर विधायक भूपेश चौबे ने चुर्क और रामगढ़ में पौधे लगाए। घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने घोरावल रेंज के बर्दिया स्थित ग्राम वन वाटिका में एक हजार चिरौंजी के पौधों का रोपण किया। बभनी ब्लॉक में 4 लाख 32 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसमें विकास विभाग ने 2 लाख 86 हजार, वन विभाग ने 1 लाख 20 हजार, पंचायत विभाग ने 23 हजार 560 और शिक्षा विभाग ने 3 हजार पौधों का रोपण कराया। बचरा गांव में 13171 पौधे लगाए गए। ब्लॉक प्रमुख बेबी राजन सिंह, बीडीओ उत्कर्ष सक्सेना, प्रमुख प्रतिनिधि राजन सिंह, एडीआो पंचायत सतीश सिंह ने संयुक्त रूप से पौधे लगाए। अभियान में मृत्युंजय शुक्ल, सतीश जायसवाल, जेपी जायसवाल, बालमुकुंद, राजबहादुर सिंह आदि शामिल रहे। करमा विकास खंड के मदैनिया, धौरहरा, बहेरा आदि गांवों में बीडीओ गुरुशरन श्रीवास्तव ने पौधरोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों से वृक्षों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। इस मौके पर सचिव रोहित सिंह, विनय यादव, विनोद कुमार, कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे। सचिव सुनील कुमार, ऋषि कुमार, अश्वनी कुमार ने भी अपनी ग्राम पंचायतों में पौधरोपण किया। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह अंकुर ने हर बूथों पर पौधरोपण कराया। केकराही के कसया खुर्द गांव में हंस वाहिनी इंटर कॉलेज के खेल मैदान परिसर में मुख्य अतिथि रमेश मिश्रा व अंकुर सिंह और ग्राम प्रधान अध्यक्ष विकास सिंह ने पौधे लगाए। फलदार पौधों का रोपण किया गया। खलियारी के सियरिया गांव में ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह ने मांची रेंज के अधिकारियों, कर्मचारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए।