सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित शिवाजी मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला ओलंपियाड का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस दौरान बैडमिंटन और जूडो के मुकाबले कराए गए। एक के बाद एक मुकाबले जीतते हुए जहां आद्या मलिक और प्रियांशी फाइनल में पहुंच गईं। वहीं जूडो में भी कई खिलाड़ियों ने गोल्ड और सिल्वर मेडल झटके। रविवार को भी जूडो-बैडमिंटन मुकाबले में रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी।
रॉबर्ट्सगंज शहर में पहली बार जिला ओलंपियाड को देखते हुए खेल प्रेमियों के लिए यह आयोजन खासा आकर्षण का केंद्र बना रहा। बतौर मुख्य अतिथि सीओ सिटी रणधीर मिश्रा, विशिष्ट अतिथि अल्ट्राटेक की एचआर निशा कीर्ति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगित का शुभारंभ कराया। अल्ट्राटेक की निशा तिर्की भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए मौजूद रहीं। जूडो प्रतियोगिता के सब जूनियर और जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंश मिश्रा, शिवांश, मनीष सिंह, ओमपाल, हार्दिक सिंह, कल्याण सिंह, मोहम्मद अली, अनिल सिंह, अंकित कुमार यादव, जगनारायण यादव, धर्म पटेल, अभिनव, अभिनेंद्र सिंह, आकाश, विभव सिंह आदि खिलाड़ियों ने गोल्ड और सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में आद्या मलिक और प्रियांशी दास अपने प्रतिद्वंदियों को मात देते हुए फाइनल में पहुंच गईं। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बता दें कि जूडो में सब जूनियर और जूनियर वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं बैडमिंटन में अंडर-17, अंडर-19, 40 प्लस एवं 50 प्लस वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले दिन जूडो में 50 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया।