ग्राम पंचायत चुर्क में शुक्रवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। नाराज एक पक्ष के लोगों ने ग्राम प्रधान पुष्पा देवी के घर में घुसकर उनकी बेटी समेत कई लोगों की पिटाई कर दी। आसपास के लोग एकत्र हुए तो हमलावर टीवी, बाइक का शीशा तोड़ते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उधर सदर कोतवाली के प्रभारी सत्यनारायण मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। वहीं दूसरे पक्ष से भी कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की दोपहर चुर्क गांव में कुछ लोगों ने बहुअरा गांव के रहने वाले कई लोगों की पिटाई कर दी। इससे खफा दूसरे पक्ष के लोगों ने शाम करीब छह बजे ग्राम प्रधान के घर पहुंच कर विवाद करने वालों के बारे में पूछताछ करने लगे। देखते ही देखते मामला गरमा गया और नाराज लोगों ने प्रधान के घर मौजूद मनीष और राजेंद्र को पीट दिया। बचने के लिए वे घर में भागे तो हमलावर मकान के अंदर घुस गए। अपने मामा के बेटों को बचाने आई जब प्रधान की बेटी रानी आई तो हमलावरों से उसे भी पीट दिया। टीवी और दरवाजे पर खड़ी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उधर घटना की खबर मिलतेेेे ही दलबल के साथ कोतवाल, एसएसआई ऐश खां, चुर्क चौकी प्रभारी जितेंद्र प्रधान मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में घायलों का उपचार हुआ। जांच में पता चला है कि दूसरे पक्ष के भी कई लोग जख्मी हैं। पीड़ितों की तरफ से जो तहरीर मिलेगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।