यूपी: प्रेमी ने गला घोंटकर की थी युवती की हत्या, फिर जंगल में फेंक दिया शव; दूसरे युवक से बातचीत पर झल्लाया था
जिले के हथवानी-साऊडीह जंगल में 26 सितंबर को मिले युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने युवती के प्रेमी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने किसी दूसरे युवक से बातचीत के शक में युवती की गला घोंटकर हत्या की और शव जंगल में फेंक दिया।
विस्तार
हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी-साऊडीह जंगल में 26 सितंबर को संदिग्ध हाल में मिले 22 वर्षीय युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हथवानी निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी। आरोपी का युवती से प्रेम संबंध था और उसे शक था कि वह किसी अन्य युवक से भी फोन पर बातचीत करती है। इसी संदेह में उसने वारदात को अंजाम दिया।
26 सितंबर को हथवानी-साऊडीह के जंगल में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शव मिलने की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या की पुष्टि करते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने युवती के परिजनों और परिचितों से पूछताछ के साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को युवती के हथवानी निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मनोज पर नजर रखनी शुरू की और पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया।
एसओ विनोद कुमार यादव के मुताबिक, शनिवार को मनोज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि करीब दो माह से उसका युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले कुछ समय से उसे संदेह था कि युवती किसी दूसरे युवक से भी फोन पर बातचीत कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान मनोज ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को हथवानी-साऊडीह के जंगल में छोड़ दिया। घटना के बाद युवती का शव जंगल में मिला था। एसओ ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।