सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज तहसील में सोमवार शाम दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहसील के सभी लेखपाल अनिश्चितकालीन संपूर्ण कार्य बहिष्कार पर चले गए। लेखपालों ने आरोप लगाया कि पत्थरगड़ी और फील्डबुक जमा नहीं करने के मामले में लेखपाल रामचंद्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है, जो अनुचित है।
लेखपालों का कहना है कि रामचंद्र का डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) प्रकरण चल रहा है। मामले में जांच अधिकारी की ओर से जांच आख्या भी प्रस्तुत की जा चुकी है, इसके बावजूद विभागीय कार्रवाई समाप्त नहीं की गई। आरोप है कि इस संबंध में अधिकारियों से बात करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे नाराज लेखपालों ने सोमवार रात से ही कलमबंद कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। रॉबर्ट्सगंज तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि रामचंद्र के मामले में कार्रवाई समाप्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही कहा कि अगर रामचंद्र के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी एसडीएम की होगी। धरने में तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, मंत्री साजिद खान, अभिनव, शैलेंद्र, मनीष, रामचंद्र, पंकज, मुकेश, सुधीर, अभिषेक, रत्नेश, संजीव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।