सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर से सटे कम्हारी गांव में सीसी रोड एवं कवर्ड नाली के निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड करीब एक वर्ष से यहां नाली व सीसी रोड का निर्माण करा रहा है, मगर अब तक पूर्ण नहीं हो सका है। वहीं दूसरी तरफ से बजबजा रही नाली से मच्छरों का आतंक बना हुआ है।स्थानीय लोगों ने डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से जय सिंह, संदीप, अजय कुमार, बृजमोहन, प्रदीप कुमार, राम सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि कम्हारी (सिद्धार्थ नगर) में एक करोड़ सात लाख रुपये की लागत से 900 मीटर लंबी सीसी रोड व कवर्ड नाली का निर्माण कराया जाना था। एक वर्ष पहले प्रांतीय खंड की तरफ से काम भी शुरू करा दिया गया, मगर अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। आरोप है कि सीसी रोड व कवर्ड नाली निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की गई है। खोदे गए नाली में पानी भर गया है, जो सड़ करके बजबजा रहा है। इससे मोहल्ले में गंदगी फैली हुई है और मच्छरों का आतंक बना हुआ है। इससे सरकार द्वारा चलाए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। बताया कि अर्धनिर्मित कार्य के बाबत जब जेई से पूछताछ किया जाता है तो अपशब्दों का प्रयोग किया जाता है। सभी ने जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह से निर्माण कार्यों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में पीडब्लूडी प्रांतीय खंड के जेई श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि निर्माण कार्य मानक के अनुसार हो रहा है।