सोनभद्र। जिला कारागार गुरमा में अलग-अलग मामलों में निरुद्ध चार बंदियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने जेल प्रशासन से उनका बिसरा परीक्षण रिपोर्ट तलब किया है। आयोग से पत्र आने के बाद जेल महकमे में खलबली मची हुई है। पुराने रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। जेल अधीक्षक ने एसपी को मृत बंदियों की बिसरा रिपोर्ट मुहैया कराने के लिए पत्र लिखा है। जेल के सूत्रों की मानें तो जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी में सात अक्टूबर 2021 को उपचार के दौरान जिला कारागार गुरमा में निरुद्ध बंदी हीरा कोल की मौत हो गई। वहीं 11 फरवरी 2021 को छोटू उर्फ इब्राहिम, 29 मार्च 2021 को इसरार उर्फ मोती और पांच अगस्त 2022 को शिव शंकर तिवारी पुत्र हरिगोविंद तिवारी की मौत हो गई थी। जेल कर्मियों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। उधर बंदियों के मौत के मामले को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली एवं अन्य अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन से मृतक बंदियों के मृत्यु प्रकरण में बिसरा परीक्षण रिपोर्ट की प्रति अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत चार बंदियों की बिसरा परीक्षण रिपोर्ट मांगी है। एसपी को रिपोर्ट मुहैया कराने के लिए पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है। रिपोर्ट मिलते ही आयोग को भेज दिया जाएगा। -सौरभ श्रीवास्तव, जेल अधीक्षक, गुरमोे