सोनभद्र/बभनी। घाेरावल कोतवाली और बभनी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो सगे भाइयों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन छात्र भी शामिल हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना बभनी थाना क्षेत्र के अंबिकापुर मार्ग की है। बृहस्पतिवार की दोपहर ढाई बजे बभनी से म्योरपुर की तरफ जा रही एक कार ने कक्षा छह में पढ़ने वाले छात्र सुशील कुमार (12) पुत्र मानसिंह, जय प्रकाश (11) पुत्र राजदेव और नर्सरी के छात्र आयुष (6) को चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल छात्रों को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी बभनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सभी बच्चे विद्यालय की छुट्टी होने के बाद घर के लिए जा रहे थे। अधीक्षक डाॅ. अंकित सिंह ने बताया कि सुशील कुमार के सिर पर गहरी चोट है, जबकि जय प्रकाश का बायां पैर फैक्चर हो गया है। दूसरी घटना घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव की है। हरैया पहाड़ी पर बुधवार रात बाइक से गिरकर दो सगे भाई घायल हो गए। मिर्जापुर जिला के मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी रामसूरत (24) अपने भाई राममूरत (22) के साथ बाइक से पेढ़ गांव में रिश्तेदारी में जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर बाइक समेत हरैया पहाड़ी पर गिर पड़ा। हादसे में रामसूरत गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं राममूरत को मामूली चोटें आईं।