सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के आयुक्त राजेश प्रकाश ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों और जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक की। पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा। जिन ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति योजना संचालित है, वहां टैंकर के बजाय नियमित आपूर्ति उसी योजना से सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। गर्मी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट न हो, इसके लिए सतत निगरानी रखने को भी कहा गया।
जल जीवन मिशन के तहत सभी लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएसए को निर्देशित किया गया कि जिन विद्यालयों में बेंच-डेस्क और मरम्मत की आवश्यकता है, उनकी सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जा सकें। लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रामा सेंटर से मेडिकल कॉलेज यूनिट तक सड़क निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान ‘बी’ और ‘सी’ ग्रेड वाले विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी गई। कहा कि सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।