सोनभद्र। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए जिले में कुल 84 केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों को लेकर 27 जनवरी से लेकर 30 जनवरी तक आपत्ति मांगी गई। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में इन चार दिनों के दौरान 62 आपत्तियां आई हैं। आठ केंद्र ऐसे हैं, जिन्होंने परीक्षा केंद्र न बनाने के लिए आवेदन किया है। ज्यादातर आपत्तियां ज्यादा दूरी पर केंद्र बनाने को लेकर आई हैं। कई क्षेत्रों में 50 किलोमीटर दूर तक केंद्र बना दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आई आपत्तियों में से एक आपत्ति ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवारी की है। यहां का परीक्षा केंद्र 50 किलोमीटर दूर घोरावल क्षेत्र के भगवान में बना दिया गया है। यहां के बच्चों को परीक्षा देने के लिए चोपन, राबर्ट्सगंज होते हुए भगवान जाना पड़ेगा। इसी तरह राजकीय हाईस्कूल चिचलिक के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कालेज कोन में बना दिया गया है। यहां की दूरी भी 30 किलोमीटर से अधिक है। इन दोनों मामलों में आपत्ति आई है। इसी तरह कई स्कूल ऐसे हैं, जिन्होंने आपत्ति दाखिल कर कहा है कि उनके स्कूल में कम छात्र संख्या का केंद्र बनाया जा सकता है। जो सूची जारी हुई है, उसमें छात्रों की संख्या ज्यादा दिखायी गई है। इस बार जिले के 196 स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए कुल 84 केंद्र बनाने की सूची जारी हुई है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार मिश्र ने बताया कि जो भी आपत्तियां आई हैं, उनका निस्तारण किया जाएगा।