सोनभद्र। नशे की हालत वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं। ऐसे लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने यह निर्देश दिए। यातायात पुलिस व परिवहन विभाग को मिलकर इसके लिए अभियान चलाने को कहा। साथ ही तेज गति से चलने वालों पर भी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। स्कूल वाहनों की फिटनेस जांचने के लिए भी कहा।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने एनएच के अधिशासी अभियंता के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा के आसपास ठहरने वाले चार पहिया वाहन चालकों पर टोल टैक्स के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्हें अनावश्यक परेशान न करें। अंतरराज्यीय सीमा की दूरियों से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कलेक्ट्रेट के पास भी साइनेज लगाने, उसकी नियमित सफाई कराने के लिए निर्देशित किया। रेणुकूट-अनपरा मार्ग पर वन देवी के ऊपर सड़क के किनारे सुरक्षा इंतजाम अब तक न किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। एक्सईएन के विरुद्ध शासन स्तर पर पत्राचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों से गुजरने वाले भारी वाहनों की जांच की जाए। जिन वाहनों की बाॅडी के ढांचे में परिवर्तन पाया जाए, उनको सीज कर कार्रवाई करें। एआरटीओ ने बताया कि अब तक नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 40 ड्राइवरों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। बैठक में एआरटीओ राजेश्वर यादव, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन शैलेश ठाकुर, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।