Sonebhadra: कांग्रेस के मीडिया संयोजक पर मानहानि का केस, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष के वीडियो से छेड़छाड़
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के त्रिपुरा में दिए गए भाषण को काट-छांट कर सोशल मीडिया में प्रसारित करने के आरोप में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस के मीडिया संयोजक के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के त्रिपुरा में दिए गए भाषण को काट-छांट कर सोशल मीडिया में प्रसारित करने के आरोप में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस के मीडिया संयोजक के विरुद्ध केस दर्ज किया है। सदर विधायक भूपेश चौबे की तहरीर पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के भाषण के कई अंशों को हटाकर उसे गलत रूप में पेश किया गया, जिससे उनके साथ पार्टी की भी मानहानि हुई है।
सदर कोतवाली में दी गई तहरीर में विधायक भूपेश चौबे ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अगरतला (त्रिपुरा) में जनविश्वास यात्रा के समापन पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया था। उनका संबोधन मीडिया, सोशल मीडिया सभी प्लेटफार्म पर उपलब्ध है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि को धूमिल करने का प्रयास
खुद को कांग्रेस का मीडिया संयोजक बताने वाले लल्लन कुमार ने 13 जनवरी को अपने ट्वीटर और वेरीफाइड फेसबुक पेज से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाषण का कूटरचित वीडियो बनाकर प्रसारित किया है। ऐसा कर उन्होंने पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है, जिससे पूरी पार्टी के साथ उन्हें व्यक्तिगत रूप से कष्ट हुआ है।
लल्लन कुमार का यह कृत्य अशोभनीय और विधि विरुद्ध है। विधायक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी लल्लन कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी कोतवाल ऐश खां ने बताया कि मानहानि और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
अपनी गलती नहीं देखती भाजपा : शत्रुंजय
पार्टी के मीडिया संयोजक के विरुद्ध केस दर्ज होने के बाद कांग्रेस की स्थानीय इकाई भी बचाव में सामने आई है। जिला प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्र ने इस कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग करार दिया। कहा कि भाजपा आईटी सेल की ओर से लगातार राहुल गांधी की छवि धूमिल की जा रही है। उनके बयान को कई बार तोड़-मरोड़कर गलत तथ्यों को जोड़कर वायरल किया जा चुका है।
उनके टी-शर्ट, जूता आदि के साथ ही चाय पीने की फोटो एडिट कर दूसरे रूप में पेश किया गया, लेकिन भाजपा नेताओं को यह नजर नहीं आता। उन्हें सिर्फ दूसरों की गलती दिखती है। अवैध खनन-परिवहन और बिना नंबर चल रहे ट्रकों पर परिवहन मंत्री के कहने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा। इस पर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।