घोरावल। सीएचसी घोरावल में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक ओपीडी में उपचार के लिए पुरुषों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की लंबी कतार लगी रही। अस्पताल में करीब 620 नए मरीजों के पर्चे काटे गए। मरीजों की संख्या अधिक होने से पूरे दिन अस्पताल परिसर में गहमागहमी बनी रही। उपचार कराने आए मरीजों और तीमारदार रामाश्रय, पप्पू, मनोज, मुन्नी, कौशल्या, रजनी, गोलू, महेंद्र, मुन्नीलाल, राजू, अभिषेक ने बताया कि इन दिनों बड़ी संख्या में लोग बुखार, टाइफाइड, सर्दी-जुकाम समेत मौसमी बीमारियों से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई बच्चों में निमोनिया जैसे लक्षण भी बताए गए। गर्भवती महिलाएं भी जांच और उपचार के लिए पहुंची। मरीजों की जांच और उपचार की जिम्मेदारी चार चिकित्सकों पर रही। बाल रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ, आर्थोपेडिक सर्जन और फिजिशियन की कमी के कारण कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र सरोज, डॉ. देवेश पांडेय, डॉ. एपी सिंह और डॉ. सुनील कुमार ने मरीजों की जांच कर दवाएं और परामर्श दिया। उधर, सीएचसी की फार्मेसी पर भी दवा लेने के लिए मरीजों की लंबी कतार लगी रही। शाम करीब चार बजे तक लोग दवा के लिए लाइन में खड़े नजर आए। अधीक्षक डॉ. नरेंद्र सरोज ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है। जांच और दवा के साथ खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है।