सोनभद्र। आदर्श इंटर कालेज राबर्ट्सगंज के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव की हत्या में शामिल फरार दोनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया जाएगा। इसके लिए सीओ ने कोतवाल को रिपोर्ट तैयार कर एसपी को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अभी तक गिरफ्तार हो चुके सातों हत्यारोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्यवाही करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताते चले कि राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव में बीते 30 मार्च को प्रधानाचार्य की गोली मारकर की गई हत्या का बृहस्पतिवार को पुलिस ने संस्कृत महाविद्यालय राबट्र्सगंज के प्राचार्य जटाशंकर पांडेय, संदीप उर्फ पाली, श्यामबाबू, लक्ष्मण शर्मा, कुंदन सोनकर, काजू शर्मा और पुजारिन विद्यावती देवी को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। लेकिन अभी हत्यारोपी राम और नागेंद्र फरार हैॅ। शुक्रवार को फरार हत्यारोपियों को पकडने के लिए कोतवाल ने उरमौरा, लोढ़ी समेत अन्य गांवों में छापेमारी की। लेकिन एक भी हत्यारोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। सीओ अभिषेक सिंह ने कहा कि कोतवाल को फरार हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कराने के लिए रिपोर्ट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया गया है। पकड़े गए हत्यारोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। कहा कि जल्द ही हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।