अनपरा। सोमवार की रात्रि ककरी परियोजना में सुरक्षा में तैनात एक कर्मी पर कबाड़ चोरों ने हमला कर दिया। ऊर्जांचल मे स्थापित दर्जनों औद्योगिक संस्थान कबाड़ चोरी के लिए मुफीद स्थान बन चुकी है। एनसीएल की कोयला खदानों सहित अन्य परियोजना में कबाड़ियों की भारी भरकम फौज सुरक्षा कर्मियों पर भारी पड़ रही है। इस दौरान विरोध करने वाले सुरक्षा कर्मी कबाड़ियों के शिकार भी बन रहे हैं। सोमवार की रात्रि भी एनसीएल ककरी परियोजना की सुरक्षा में तैनात जवान शिव सिंह पर दर्जन भर कबाड़ चोरो ने चोरी का विरोध करने पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में घायल सुरक्षा कर्मी को आनन-फानन में साथी सुरक्षा कर्मियों ने चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज किया गया। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कर्मी के चेहरे व सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बताते चले कि एनसीएल की खुली खदानें कबाड़ चोरो के लिए चारागाह बन गई है। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश स्थित ककरी, बीना, खडिय़ा, दुद्धीचुआं, जयंत, झिगुरदह, अमलोरी आदि परियोजनाओं में आये दिन कबाड़ चोर सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा कर्मियों में भय का माहौल व्याप्त है। कबाड़ चोर दिन में आराम फरमाते हैं और रात में संगठित होकर परियोजनाओं से कीमती स्पेयर पार्ट्स व डीजल चोरी का खेल खेलते हैं। वहीं पुलिस पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।