सोनभद्र। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और उसके सहयोगी जनसंगठनों के बैनर तले किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को रविवार को श्रद्धांजलि दी गई। भाकपा नेताओं ने पनारी के धौरहवां टोला में आदिवासियों के बीच जाकर शहीद हुए 33 किसानों के याद में मोमबत्ती जलाकर कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
यहां सभा में पार्टी नेताओं ने कहा कि देश के किसान अपना घर परिवार छोड़ कर इस कंपकंपाती ठंड में अपने हक के लिए एक माह से लगातार देश की राजधानी में आंदोलन कर रहे हैं। कई किसानों ने अपनी शहादत भी दे दी है। लेकिन केंद्र सरकार अपनी हिटलरशाही नीतियों से बाज नहीं आ रही है। किसानों की अनदेखी के लिए देश के किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान सरकार को सबक सिखाने के लिए आंदोलन और तेज करेंगे। किसान बिल को वापस लेने के लिए सरकार को मजबूर करने का काम करेंगे। धौरहवा में आदिवासियों ने भी गांव के विकास पर सवाल उठाए। सरकार के सारे दावे और वादे यहां पूरी तरह से फेल हैं। ग्रामीणों ने समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर डीएम कार्यालय पर धरना देने का निर्णय लिया।भाकपा के जिला सचिव आरके शर्मा, किसान सभा के नेता एसएस मिश्रा, खेत मजदूर यूनियन के मोहम्मद हनीफ, प्रेमचंद गुप्ता, हृदय नारायण गुप्ता, मुन्ना राम, कमला प्रसाद, अशोक कुमार कनौजिया, विनेशर अगरिया, रामधनी अगरिया, मानमती, हिरावती मौजूद रहीं। अध्यक्षता एसएस मिश्रा ने की। संचालन अमरनाथ सूर्य ने किया।