UP: स्कूल में उर्दू-अरबी पढ़ाने को लेकर बढ़ा विवाद, मनबढ़ों ने बंद किया रास्ता, तीन गिरफ्तार; शिक्षक को नोटिस
Sonbhadra News: स्कूल में उर्दू-अरबी पढ़ाने को लेकर विवाद की सूचना पाकर मौके पर कोन पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों से सच्चाई जानने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बंद रास्ते को खुलवा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र के कोन विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रगरम परिसर में उर्दू-अरबी पढ़ाने से मना करने पर मनबढ़ों ने स्कूल जाने का रास्ता ही रोक दिया। ग्रामीणों की आपत्ति के बाद प्रभारी शिक्षक ने पुलिस में शिकायत की। हरकत में आई पुलिस ने रास्ता खाली कराते हुए तीन आरोपियों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
मामले में बीईओ ने भी शिक्षक को नोटिस जारी कर परिसर के अनधिकृत उपयोग के लिए जवाब मांगा है।
मिश्रित आबादी वाले रगरम गांव के प्राथमिक विद्यालय में दोनों समुदायों के बच्चे पढ़ते हैं। बताते हैं कि गांव के कुछ लोगों ने स्कूल निर्माण के लिए जमीन दान दी थी। अब वही लोग स्कूल में उर्दू-अरबी पढ़ाने या छुट्टी के बाद परिसर में इसके लिए जगह देने का शिक्षक पर दबाव दे रहे थे।
बताते हैं कि एक-दो दिनों तक छुट्टी होने के बाद पढ़ाई कराई भी गई, मगर जब जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने आपत्ति जताई। पुलिस को दी तहरीर में सहायक अध्यापक अमीन अहमद अंसारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों की अनुमति के बिना विद्यालय परिसर अन्य किसी पढ़ाई के लिए देने से इंकार करने पर गांव के जमशेर्र, जहीरुद्दीन और साबिर हुसैन ने बांस बल्ली लगाकर बच्चों के आने-जाने का रास्ता ही रोक दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस
बातचीत से समाधान न निकालने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। तहरीर मिलते हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची। रास्ता खाली कराते हुए अवरोध उत्पन्न करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस बाबत ओबरा सीओ हर्ष पांडेय ने बताया कि सहायक अध्यापक की तहरीर पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध कोन थाने में मुकदमा दर्ज कर शांतिभंग सहित अन्य धाराओं में चालान कर दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
उधर, खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है। जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।