दुद्धी। कनहर परियोजना के निरीक्षण में आए छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम ने छत्तीसगढ़ के आंशिक डूब क्षेत्र के विस्थापित परिवारों के साथ छत्तीसगढ़ सरकार पर छल करने का आरोप लगाया। कहा कि यूपी सरकार की ओर से मुआवजा देने के बाद भी छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने उसे वितरित नहीं किया। उन्होंने बहुप्रतीक्षित परियोजना को समय से पूरा कराने के लिए केंद्र और यूपी सरकार की सराहना भी की।
डूब क्षेत्र होते हुए कनहर सिंचाई परियोजना बांध का निरीक्षण करने पहुंचे रामविचार नेताम ने निरीक्षण के दौरान फील्ड हास्टल में सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता रवि श्रीवास्तव, संजय गुप्ता से परियोजना के बने मॉडल से मुख्य बांध, डूब क्षेत्र के गांव, छत्तीसगढ़ व झारखंड में नहरों की सुविधाओं संबंधित बारीकियों से जानकारी ली। मुख्य बांध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बादपंचमुखी हनुमान जी का दर्शन कर छत्तीसगढ़ को चले गए। पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार व मुख्यमंत्री योगी ने छत्तीसगढ़ के डूब क्षेत्र के कुल छह गांव का मुआवजा छत्तीसगढ़ सरकार को दिया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने मुआवजा का बजट रोक दिया है। कांग्रेस सरकार भाजपा की तरफ से दिए गए बजट को आवंटित नहीं कर रही। डूब क्षेत्र के लाभांवित परिवारों के साथ कांग्रेस की सरकार ने छल किया है। इस निरीक्षण दौरान साथ मे संजय श्रीवास्तव भाजपा प्रवक्ता छत्तीसगढ़, ओम प्रकाश जायसवाल जिलाध्यक्ष भाजपा बलरामपुर, दीनानाथ यादव व सुरेंद्र अग्रहरि, दीवान सिंह आदि उपस्थित रहे।