सोनभद्र। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन एवं कार्यालय सहायक संघ के बैनर तले अभियंताओं, कर्मचारियों ने गुरुवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय राबर्ट्सगंज पर धरना दिया और आम सभा किया। इसमें सीपीएफ, जीपीएफ घोटाले की सीबीआई जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि पूर्व चेयरमैन, पावर कारपोरेशन व ऊर्जा मंत्री की घोर लापरवाही के कारण हुए 2268 करोड़ रुपये के सीपीएफ, जीपीएफ धनराशि के घोटाले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। पूर्व चेयरमैन को बर्खास्त करने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि प्रकरण की मुख्य मांगों को जब तक प्रबंधन नहीं मानता है, तब तक कर्मचारी विरोध सभा करेंगे। वक्ताओं ने मांग किया कि उप्र राज्य ऊर्जा निगमों में कार्यरत कार्मिकों के जीपीएफ, सीपीएफ राशि की सुरक्षा गारंटी का राजाज्ञा जारी किया जाय और साथ ही साथ उप्र के विभिन्न ट्रस्टों में संचित धनराशि रखने का श्वेत-पत्र जारी किया जाय। बोर्ड आफ ट्रस्ट का विधि सम्मत पुनर्गठन कर पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करते हुए कार्मिकों के जीपीएफ, सीपीएफ, ईपीएफ खाते में संचित राशि का अद्यतन विवरण कारपोरेशन, निगम की वेब-साइट पर अपडेट कराया जाय। अध्यक्षता विजय सिंह, संचालन अक्षय कुमार यादव ने किया। इस मौके पर इं. अनिल शुक्ला, इं. एसके सिंह, कृपाशंकर यादव, अक्षय कुमार यादव, विनोद कुमार, सतीश कुमार यादव, अरविंद, आनंद कुमार, जितेश कुमार, शिवम सिंह, राकेश कुमार सिंह, पंचधारी सिंह, कमला सिंह, हरेश सिंह, बिहारी लाल, विनोद मौर्या, विश्वनाथ मौर्या मौजूद रहे।