सोनभद्र। मिर्जापुर रूट पर चलने वाली बसें रोडवेज बस स्टैंड में नहीं जाती हैं। ऐसे में यात्रियों को फ्लाईओवर के नीचे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। उच्चाधिकारियों की मनाही के बावजूद मिर्जापुर और प्रयागराज जाने वाली परिवहन निगम की बसें फ्लाईओवर के नीचे खड़ी हो रही हैं। फ्लाईओवर के नीचे यात्रियों के बैठने के लिए न तो बेंच है और न पानी, शौचालय का इंतजाम। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।
जनपद सोनभद्र के विभिन्न हिस्सों से राॅबर्ट्सगंज होते हुए मिर्जापुर रूट पर सोनभद्र डिपो, विंध्यनगर डिपो के अलावा मिर्जापुर, जीरो रोड, प्रयागराज सहित अन्य डिपो की बसों का संचालन हो रहा है। बसों का संचालन राॅबर्ट्सगंज रोडवेज बस स्टेशन से होकर किए जाने का निर्देश है। पूर्व में सोनभद्र दौरे पर आए परिवहन निगम के अधिकारी फ्लाईओवर के नीचे रोडवेज बसों का ठहराव होने पर नाराजगी जता चुके हैं। फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर रूट की बसों का संचालन होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। वहां न बैठने की व्यवस्था है और न ही अन्य सुविधाएं। मिर्जापुर जा रहे यात्री दिलीप कुमार, रॉबर्ट्सगंज की रमावती आदि का कहना है कि मिर्जापुर जाने के लिए फ्लाईओवर के नीचे रोडवेज बसें मिलती है। रोडवेज बस स्टैंड जाने पर फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर रूट की बसें पकड़ने के लिए कहा जाता है। वहां कोई सुविधा नहीं होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। यात्रियों ने परिवहन निगम के अधिकारियों से मिर्जापुर रूट पर चलने वाली बसों का ठहराव बस स्टैंड में किए जाने की मांग की है।