केकराही (सोनभद्र)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को करमा ब्लॉक के पापी स्थित मां विंध्यवासिनी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई और क्षेत्रीय विकास के मुद्दे उठाए। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा अपने उद्योगपति मित्रों के साथ मिलकर देश को लूट रही है। उन्होंने कहा कि युवा पढ़ेंगे, तभी देश विकसित होगा, लेकिन भाजपा युवाओं के मन-मस्तिष्क को भटकाने का प्रयास कर रही है। देश के भविष्य के लिए युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। सांसद ने विंध्य एक्सप्रेसवे के मुद्दे पर भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके साथ खड़े होकर आवाज उठाएं। कार्यक्रम संयोजक अंशुमान मौर्या ने सोनभद्र की स्थानीय समस्याओं को उठाया। उन्होंने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और छात्रों के लिए विश्वविद्यालय की आवश्यकता पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और गांव-गांव तक पहुंचने का आह्वान किया।
इस मौके पर सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल, काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी, जिला संयुक्त महासचिव जसवंत सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार और जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन संजय और मुबारक अली ने किया।